रामगढ़ : रांची के दो व्यापारियों का अपहरण कर रामगढ़ जिले के कुजू क्षेत्र के दिग्वार गांव में बंधक बनाया गया था। रामगढ़ पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को सुरक्षित मुक्त करवा लिया और सात अपराधियों को गिरफ्तार किया। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने बताया कि रांची के आशीष कुमार राजगढ़िया और उनके भांजे अंकित कुमार को फिरौती के लिए अगवा किया गया था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि दोनों को कुजू इलाके के एक घर में रखा गया है। इसके बाद एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में बंधकों के स्थान का खुलासा किया। पुलिस ने वहां पहुंचकर दोनों व्यापारियों को सुरक्षित रिहा किया और सात आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार अपराधियों में ओडिशा और बिहार के विभिन्न जिलों के लोग शामिल हैं। इनके पास से 9.46 लाख रुपए की फिरौती की रकम, नोट गिनने की मशीनें, एक स्विफ्ट कार, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपहरणकर्ताओं के मंसूबे नाकाम हो गए।





