दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय और सिक्किम में भारी बारिश के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। इन राज्यों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। कई इलाकों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई स्थानों का आपस में संपर्क टूट गया है।

सिक्किम के लाचेन जिले के छातेन क्षेत्र में एक सैन्य शिविर भूस्खलन की चपेट में आ गया, जिससे तीन सैनिकों की मौत हो गई। मृतकों में हवलदार लखविंदर सिंह, नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लाकड़ा शामिल हैं।जिनका शव मिल गया है , छह सुरक्षाकर्मी अब तक लापता हैं। हालाकी सेना और स्थानीय प्रशासन द्वारा तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घटनास्थल से चार अन्य लोगों को मामूली चोटों के साथ बचाया गया है। खराब मौसम और कठिन भूगोल के चलते राहत कार्यों में बाधाएं आ रही हैं, लेकिन प्रयास लगातार जारी हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है।




