दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : राजद के वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र व पार्टी के युवा सांसद सुधाकर सिंह ने तेज प्रताप यादव और अनुष्का प्रकरण पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से तेज प्रताप के निष्कासन के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है। सुधाकर सिंह ने कहा कि तेज प्रताप पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनके साथ न्याय होना चाहिए।

उन्होंने यह भी बोला कि पारिवारिक मुद्दों को राजनीतिक रूप से नहीं देखा जाना चाहिए और पार्टी को इस मामले में संतुलित रुख अपनाना चाहिए। सुधाकर सिंह ने कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं है तेज प्रताप ने कोई अनैतिक कार्य नहीं किया है । हिंदू रीति रिवाज़ के अनुसार दो- तीन शादियां होती रही है। आज भी बहुत जगह होती है यह गुनाह नहीं है। सुधाकर ने सांसद चिराग पासवान का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके पिता पासवान जी ने भी दूसरी शादी की थी, जिनसे चिराग पासवान जी का जन्म हुआ है। यह कोई बड़ी बात नहीं है ,ऐसी स्थिति में लालू जी को एक पिता के तौर पर अपने बेटे के फैसले को स्वीकार करना चाहिए। वहीं, तेज प्रताप यादव के छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि लालू प्रसाद जी ने जो निर्णय लिया है, वह अंतिम है। उन्होंने कहा तेज प्रताप के निष्कासन को लेकर अब आगे कोई चर्चा या बहस करने की आवश्यकता नहीं है। तेजस्वी के इस बयान से यह साफ संकेत मिलता है कि पार्टी नेतृत्व अब इस मुद्दे को बंद मान रहा है ,और किसी प्रकार की सुलह की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही है।




