जमशेदपुर : पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलते हुए आम जनता से सड़क सुरक्षा जागरूकता नियम को पालन करने के लिए अपील की है। जिसमें आम लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, शराब पीकर वाहन चलाने के दुष्परिणाम, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से होने वाले खतरे, तीन सवारी बैठाने (ट्रिपल लोड) की मनाही तथा ओवर स्पीडिंग से होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि, प्रखंड अध्यक्ष एवं मुखिया संघ अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने लोगों से अपील की कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।

वक्ताओं ने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है। वहीं थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता ने बताया कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।




