चाईबासा : चाईबासा एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि इंसास राइफल से चली गोली लगने के कारण जवान अजय किशोर खाका की मौतहो गई है।पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र मे तैनात जवान अजय किशोर खाका रविवार रात गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। साथी जवानों ने उन्हें तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, अजय किशोर खाका गुमला जिले के रहने वाले थे और इन दिनों सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में सीआरपीएफ 174 बटालियन के साथ पालीसाई कैंप में तैनात थे। इस पूरे मामले में सस्पेंस बना हुआ है। अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं—पहली, कि जवान ने मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या की, और दूसरी, कि राइफल की सफाई के दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू के एसडीपीओ अजीत केरकेट्टा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने भी पुष्टि की है कि जवान की मौत गोली लगने से हुई है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल में रखा गया है और परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। घटना को लेकर रहस्यमयी सवाल यही है कि जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।




