रांंची: झारखंड के पलामू जिले के पाटन क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता की निर्मम हत्या कर दी गई। युवती को दो गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह गंभीर वारदात उस समय हुई जब परिवार में पहले से तनाव चल रहा था। इस पूरे प्रकरण में मृतका के पति द्वारा ही मारे जाने की बात कही जा रही है।

वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अंतिम परीक्षण के लिए मेदनी राय मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पीड़िता की पहचान सिमरन के रूप में हुई है, जिसकी शादी कुछ महीने पहले नौडीहा गांव के रहने वाले विनीत सिंह से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही सिमरन को पति के किसी अन्य महिला से नाजायज रिश्तों की जानकारी मिली थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी हुई थी। सोमवार को स्थिति बेकाबू हो गई और विनीत ने सिमरन पर बंदूक चला दी। उसके बाद सभी घर छोड़कर भाग गए। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है ।




