Saraikela (संजीव मेहता) : 15 जुलाई 2025 को एनआईटी जमशेदपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग विभाग में डॉ. आयुष कुमार अग्रवाल ने अपने पीएच.डी. शोध “IoT आधारित वास्तविक समय मानव गति पर आधारित ह्यूमेनॉइड कॉबोट का डिज़ाइन” का डिफेन्स सेमिनार सफलतापूर्वक प्रस्तुत किया. यह शोध मील का पत्थर साबित होगा. यह शोध चार वर्षों के कठोर अनुसंधान का परिणाम है, जिसमें मानव गति को समझकर रोबोट को वास्तविक समय में नियंत्रित किया गया. इस शोध में IMU सेंसर MPU9250, जेस्चर रिकग्निशन एल्गोरिद्म और IoT आधारित एज कंप्यूटिंग का उपयोग हुआ. यह तकनीक रक्षा, औद्योगिक स्वचालन और चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी साबित हो सकती है. मौके पर बाह्य परीक्षक के रूप में एम.ए.एन.आई.टी. भोपाल के प्रो. आर.एन. यादव उपस्थित थे, जिन्होंने शोध की गहराई की सराहना की. एसआरसी पैनल ने भी शोध को उत्कृष्ट बताते हुए इसे मान्यता दी.

शोधकाल के दौरान डॉ. आयुष ने 6 Patents, 11 SCI/Scopus लेख प्रकाशित किए और कई नवाचारपरक प्रोजेक्ट्स पर कार्य किया. उन्हें DRDO द्वारा Best Student Exhibitor और WIPRO द्वारा Best Project Award से भी सम्मानित किया गया. डॉ. आयुष अब इस तकनीक को उत्पाद में बदलकर रक्षा, स्वास्थ्य और इंडस्ट्री 4.0 के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर हैं.




