रांची : गुमला जिले के सदर अस्पताल से शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे एक नवजात शिशु के अपहरण की घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज ढाई घंटे में सफलता पाई। बच्ची को सही सलामत बरामद कर उसके अभिभावकों को सौंप दिया गया। मामले में संलिप्त महिला और पुरुष को पूछताछ के पश्चात न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

आरोपितों की पहचान रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के पीपराटोली गांव निवासी 30 वर्षीय बबिता टोप्पो और 22 वर्षीय सूरज लोहरा के रूप में हुई, जो पति-पत्नी हैं। एसपी हारिश बिन जमां के निर्देश पर थाना प्रभारी महेंद्र करमाली के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्य को गंभीरता से अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में महिला नर्स के कपड़ों में दिखाई दी, जिसने टीकाकरण के बहाने बच्ची को वार्ड से उठाया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चान्हो क्षेत्र में एक संदिग्ध बाइक को रोका, जिसमें महिला बच्चे के साथ पाई गई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकारा कि वे निःसंतान हैं, इसलिए शिशु का अपहरण किया। बरामद बच्ची को पुनः इलाज के लिए एसएनसीयू में भर्ती किया गया। अस्पताल प्रशासन अब सुरक्षा कड़ी करने की दिशा में पहल कर रहा है।




