रांची : अमेरिका के लॉस एंजिलिस में रहने वाले प्रभाकर प्रसाद इन दिनों सोशल मीडिया और खबरों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। मूल रूप से उनका परिवार बिहार से संबंध रखता है, जो बाद में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बस गया। प्रभाकर की प्रारंभिक पढ़ाई भोपाल में ही हुई। आगे चलकर उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से उच्च शिक्षा हासिल की, जो देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में गिना जाता है।
डिग्री पूरी करने के बाद उन्होंने मुंबई में करियर बनाने की कोशिश की। वहां उन्होंने फिटनेस प्रतियोगिताओं और मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा, लेकिन उन्हें अपेक्षित पहचान नहीं मिल सकी। बाद में वे अपनी साथी के पास अमेरिका चले गए और कुछ समय तक वहां नौकरी करते रहे। हालांकि 2025 में आई आर्थिक सुस्ती और टेक कंपनियों में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी के चलते उन्हें भी नौकरी से हाथ धोना पड़ा।

कठिन परिस्थिति के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। उन्होंने लॉस एंजिलिस की सड़कों पर भारतीय मसाला चाय बेचने का छोटा सा स्टॉल शुरू किया। उनकी बनाई चाय स्थानीय लोगों के बीच लोकप्रिय हो रही है। एक कप की कीमत लगभग 8 डॉलर रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 780 रुपये के बराबर है। उनकी अनोखी पहल और जीवन यात्रा को देखते हुए लोग उनकी तुलना महाकुंभ में चर्चित आईआईटी बाबा अभय सिंह से भी कर रहे हैं।




