काराकाट : काराकाट प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिकरिया बंगला महादेव धाम के बैनर तले आयोजित महाजलाभिषेक जलयात्रा के लिए रविवार को श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण वातावरण में सैकड़ों कांवरियों का जत्था बक्सर के लिए रवाना हुआ । इस जलयात्रा का उद्घाटन ग्राम पंचायत काराकाट के मुखिया सह मुखिया संघ रोहतास जिलाध्यक्ष सह काराकाट विधानसभा के भावी प्रत्याशी योगेंद्र सिंह,जयश्री मुखिया प्रतिनिधि रितेश सिंह,अमौना मुखिया प्रतिनिधि चिंटू सिंह और काराकाट जिला पार्षद डॉ रितेश सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया ।

उद्घाटन के बाद भावी प्रत्याशी योगेंद्र सिंह ने कांवरियों के जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । मौके पर स्थानीय मुखिया समेत कई जनप्रतिनिधि तथा सैकड़ों शिवभक्त मौजूद रहे । प्रधान कांवरियां सेवा दल के अनुसार इस महाजलाभिषेक जलयात्रा में करीब छह बसों से सवार होकर शिवभक्त मां गंगा का पवित्र जल लेने बक्सर पहुंचे । सावन माह के अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर ये सभी कांवरियां अहले सुबह बक्सर से जल लेकर सिकरिया बंगला महादेव धाम पर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे । जत्थे के प्रस्थान के दौरान कांवरियों के चेहरों पर उत्साह चरम पर था और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा । श्रद्धा,उमंग और भक्ति की यह अद्भुत तस्वीर प्रखंड क्षेत्र में लंबे समय तक स्मरणीय रहेगी ।




