सरायकेला : सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड के पोटका पंचायत अंतर्गत केसरगड़िया गांव के समीप स्थित एक पहाड़ पर इन दिनों अवैध खनन का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले कई दिनों से खनन माफिया लगातार पहाड़ की खुदाई कर पत्थरों की चोरी कर रहे हैं. इस दौरान बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई भी की जा चुकी है.जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है.

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और वन विभाग की लापरवाही के कारण खनन माफियाओं का मनोबल दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है. क्षेत्र में खुलेआम ट्रैक्टरों से पत्थर निकाले जा रहे हैं, जबकि संबंधित विभाग इस पर मौन है. लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले कुछ ही दिनों में यह पूरा पहाड़ समतल हो जाएगा. वहीं, पर्यावरण प्रेमियों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है. आप भी देखिए किस तरह से हो रहा है अवैध रूप से पत्थरों का खनन




