जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में पहली बार किन्नर अखाड़ा द्वारा धर्म सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह ऐतिहासिक आयोजन बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन सभागार में हुआ, जिसमें किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। सम्मेलन से पूर्व महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने देश और राज्य में सुख-शांति की कामना करते हुए राम मंदिर में पूजा-अर्चना की।

इसके बाद एक भव्य जुलूस निकाला गया जो शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ सभागार तक पहुंचा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग एवं शहर के कई प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। मंच से संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर डॉ.लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने कहा कि देश और राज्य में खुशहाली बनी रहे, समाज में लिंग के आधार पर भेदभाव समाप्त हो, और सनातन धर्म का मूल भाव युवाओं तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से यह धर्म सम्मेलन आयोजित किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि जमशेदपुर में अर्धनारीश्वर एवं माँ भगवती का भव्य मंदिर तथा किन्नर आश्रम का निर्माण हो, ताकि समाज में समानता और अध्यात्म का संदेश फैल सके।




