सरायकेला: एसपी निधि द्विवेदी के आदेश पर कांड्रा टोल के पास ट्रैफिक पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। सड़क सुरक्षा को देखते हुए यह कार्रवाई नशे में गाड़ी चलाने वालों और ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले ड्राइवरों के खिलाफ की गई। अभियान की अगुवाई ट्रैफिक थाना प्रभारी राजू कुमार ने की। पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से तलाशी ली।

जांच के दौरान नियम उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों का चालान काटा गया। मौके पर ब्रेथ एनालाइजर से ड्राइवरों की जांच भी हुई, ताकि शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को पकड़ा जा सके। दोषी चालकों को कड़ी हिदायत देकर भविष्य में नियम मानने को कहा गया।
थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर यह अभियान पिछले एक हफ्ते से लगातार चल रहा है। सड़क हादसों पर रोक लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए ऐसे अभियान आगे भी चलते रहेंगे। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की है।




