जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में फाटक गोलचक्कर के पास रेलवे लाइन से सटे एक स्थान पर टायरों में आग भड़क उठी। यह घटना उस इलाके में हुई जहां हाल ही में प्रशासनिक निर्देश के तहत सड़क किनारे लगने वाली टायर की दुकानों को हटाया गया था। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए फुटपाथ को खाली कराया गया था।

हटाए गए सामान को व्यापारियों ने रेलवे की घेराबंदी के भीतर जमा कर दिया था। आशंका जताई जा रही है कि वहीं रखे टायरों से आग की शुरुआत हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लपटों पर काबू पाने का कार्य शुरू किया गया। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं, क्योंकि इसी रास्ते से राष्ट्रपति का काफिला करंडीह जाहेरथान की ओर जाएगा। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






