रांची : झारखंड में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा कई ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में झारखंड इंडस्ट्रियल पॉलिसी लैब की स्थापना की गई है, जो झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी की संयुक्त पहल है। इस पहल का उद्देश्य शोध आधारित सुझावों के माध्यम से राज्य में उद्योगों के अनुकूल माहौल तैयार करना है, जिसमें एक्सएलआरआइ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
शनिवार को एक्सएलआरआइ जमशेदपुर परिसर में इंडस्ट्रियल पॉलिसी लैब 2025–26 के अंतर्गत अंतिम चरण की प्रस्तुति आयोजित की गई। इसके आधार पर छह छात्र समूहों को अगले दौर के लिए चुना गया। ये चयनित दल फरवरी में रांची में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अलग-अलग क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं पर अपना विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करेंगे।

इस पहल में कुल 28 छात्र समूहों ने भाग लिया था। विभिन्न स्तरों की समीक्षा के बाद 20 टीमों को फाइनल में स्थान मिला। मूल्यांकन प्रक्रिया में प्रशासनिक अधिकारियों, निवेश विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। शिक्षकों और अधिकारियों ने छात्रों की सोच, विश्लेषण क्षमता और व्यावहारिक दृष्टिकोण की सराहना की तथा इसे नीति निर्माण से जुड़ने का एक प्रभावी मंच बताया।






