जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने टेल्को थाना अंतर्गत खरकाई रोड में हुए हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
बताया जा रहा है कि इस घटना में जुगसलाई निवासी सोहैल अली की हत्या की गई थी. पुलिस ने हत्या में शामिल ऋषि दलई, जसबीर सिंह और लवप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है. मामले की जानकारी देते हुए जमशेदपुर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि मृतक सोहैल अली की तीनों आरोपियों से पहले से दोस्ती थी. विगत दिनों इनके बीच किसी बात को लेकर मारपीट भी हुई थी.

इसी मारपीट का बदला लेने के उद्देश्य से आरोपियों ने मिलकर सोहैल अली की हत्या कर दी. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन धारदार हथियार भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया गया था. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।




