हुसैनाबाद : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में रविवार शाम को एक चौंकाने वाली घटना घटी, जिसमें जपला-देवरी मुख्य पथ स्थित स्वामी गैस गोदाम के समीप एक होटल में ऑर्केस्ट्रा डांसर पूजा (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हत्या दो अपराधियों ने की, जिनमें से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे की तलाश जारी है। घटना के समय पूजा को फोन कर होटल में बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर अपराधियों के साथ किसी बात पर बहस हुई, जिसके बाद उन्होंने पिस्टल निकालकर पूजा के सिर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद पूजा की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद अपराधी जपला-छतरपुर रोड की ओर भाग निकले। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने टायर जलाकर जपला-दंगवार पथ को जाम कर दिया और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी एस मोहम्मद याकूब और थानेदार संजय यादव ने जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अपराधियों की पहचान की। विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने अस्पताल पहुंचकर मृतका के परिजनों को सांत्वना दी।




