
दिल्ली प्रतीक सिंह : जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पहलगाम इलाके की वादियों में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस हमले में कई निर्दोष लोगों की जान गई और सुरक्षाबलों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। हमले के तुरंत बाद पूरे देश में गुस्से की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक, हर जगह नागरिकों ने इस कायराना हमले की कड़ी निंदा की और आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस हमले को लेकर देशभर में लोग आक्रोशित हैं। आम नागरिकों से लेकर राजनीतिक दलों तक ने इस हमले को कायराना हरकत बताया और केंद्र सरकार से तत्काल और निर्णायक कार्रवाई की मांग की जा रही है। शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ दोषियों को सजा दिलाने की मांग की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “यह हमला सिर्फ हमारे लोगों पर नहीं, बल्कि हमारे धैर्य और संप्रभुता पर हमला है। इसका जवाब ऐसा होगा कि आतंकी और आतंक को पनाह देने वाले मिटा दिए जाएंगे। हम हर उस हाथ को काट देंगे जो हमारे देश की ओर उठेगा।” उनके इस बयान ने लोगों के गुस्से को आवाज दी है और एक मजबूत कार्रवाई की उम्मीद जगा दी है।
रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय दोनों ही इस हमले की जांच में जुट गए हैं। सेना और सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और आतंकियों के खिलाफ बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस हमले के पीछे सीमा पार पाकिस्तान से संचालित आतंकी संगठन का हाथ है
इस हमले ने एक बार फिर से सुरक्षा एजेंसियों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है कि कैसे पर्यटक स्थलों को सुरक्षित रखा जाए और आतंकियों की साजिश को समय रहते नाकाम किया जाए। पहलगाम, जो कि एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, वहां इस तरह की घटना का होना न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि स्थानीय लोगों की रोज़ी-रोटी पर भी असर डालता है।
जनता और राजनेताओं के आक्रोश के बीच अब पूरा देश सरकार की अगली कार्रवाई की ओर देख रहा है। देश एकजुट है और चाहता है कि इस हमले का बदला लिया जाए ताकि भविष्य में कोई भी भारत की धरती पर खून बहाने की हिम्मत न कर सके।
सरकार द्वारा उठाए जाने वाले कदम अब यह तय करेंगे कि यह गुस्सा सिर्फ शब्दों तक सीमित नहीं है ,आतंक के खिलाफ असली निर्णायक युद्ध की आगाज़ है।




