रांची : गिरिडीह में भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। यह हादसा मधुबन थाना क्षेत्र में डुमरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर लटकट्टो के पास हुआ। स्कॉर्पियो और बाइक की जोरदार टक्कर में चार लोग स्कॉर्पियो में सवार थे, जबकि दो लोग बाइक पर सवार थे। दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसा मंगलवार की देर रात हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों को बुधवार की सुबह इसका पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मधुबन पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। बाइक पर सवार मृतकों की पहचान मधुबन थाना क्षेत्र के अटकी निवासी हुसैनी मियां और बबलू कुमार टुडू के रूप में हुई है। स्कॉर्पियो में सवार लोगों की पहचान सोमेश चंद्रा, गोपाल कुमार और गुलाब कुमार के रूप में हुई है। एक शव की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पुलिस की टीम मृतकों के परिजनों से संपर्क करने में जुटी हुई है।




