सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय में गुरुवार को उस समय हलचल मच गई जब अंचल अधिकारी (सीओ) प्रवीण कुमार ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि कार्यालय परिसर में कई लोग बिना किसी आवश्यक कार्य के इधर-उधर घूम रहे हैं और कुछ लोग बैठकर समय बिता रहे हैं। यह देख सीओ प्रवीण कुमार नाराज हो गए और उन्होंने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि वे कार्यालय परिसर में किस काम से आए हैं।
कई लोगों के पास संतोषजनक जबाब नहीं था। इस पर सीओ ने कड़ी फटकार लगाई और कहा कि सरकारी कार्यालय कोई बैठने या गपशप करने की जगह नहीं है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि बिना किसी काम के किसी को भी कार्यालय परिसर में घूमते या बैठते पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने गार्ड को निर्देश दिया कि ऐसे लोगों को प्रवेश न करने दिया जाए. जिनका कोई कार्य नहीं है। सीओ ने कहा कि आम जनता को सरकारी कार्यालयों में कार्य निष्पादन के लिए उचित माहौल मिलना चाहिए।

बिना काम के लोगों की भीड़ लगने से कामकाज प्रभावित होता है और जरूरी कार्यों में देरी होती है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी कर्मी अपने-अपने कार्यस्थल पर समय से उपस्थित रहें और जनता की शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर करें। सीओ प्रवीण कुमार की इस कार्रवाई से कार्यालय परिसर में अनुशासन और कार्य संस्कृति सुधारने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश गया है। वही दलाल किस्म के लोग जो प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से लेकर शाम के 5:30 से छ: बजे तक रूटिंग जैसा सरकारी कर्मचारियों की तरह आते हैं, उन पर पाबंदी लगेगी! अंचल अधिकारी के इस कार्रवाई से दलाल किसके प्रतिदिन आने वाले व्यक्तियों में हड़कंप और खौफ फैला हुआ है. अंचल अधिकारी के इस कार्यों की आम लोगों ने जो सुना वो जमकर तारीफ कर रहे हैं. इससे दलाल किस्म के लोगों पर पाबंदी लगेगी.




