रांची : झारखंड में कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के डिप्टी डायरेक्टर देवव्रत झा का तबादला कर दिया गया है। वे अब तक रांची जोनल कार्यालय में कार्यरत थे, लेकिन अब उन्हें कोलकाता भेजा गया है। उनकी जगह राकेश कुमार को ईडी के रांची जोनल ऑफिस में तैनात किया गया है। देवव्रत झा को हाल ही में असिस्टेंट डायरेक्टर से प्रोन्नति देकर डिप्टी डायरेक्टर बनाया गया था, जिसके बाद उन्हें रांची जोनल ऑफिस-1 का प्रभारी नियुक्त किया गया था। वे कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच से जुड़े रहे हैं, जिनमें रांची में हुए भूमि घोटाले, शराब घोटाले और मनरेगा सहित अन्य सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितताओं की जांच शामिल थी।

देवव्रत झा ने झारखंड में कई आईएएस अधिकारियों और उच्च पदस्थ नौकरशाहों के खिलाफ चल रही जांच में अहम भूमिका निभाई थी। अब उनके स्थानांतरण के बाद, इन मामलों की निगरानी और जांच की जिम्मेदारी राकेश कुमार संभालेंगे। झारखंड में जारी कई बड़े मामलों की जांच पर उनके तबादले का क्या असर होगा, इस पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा बनी हुई है।




