सरायकेला (संजीव मेहता) : सरायकेला- खरसावां पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाकर खरसावां थाना क्षेत्र के लखनडीह गांव में 1 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट कर दी है. इस दौरान दो लोगों को अफीम के फल पर चीरा लगाते हुए गिरफ्तार भी किया है, जिसे जेल भेज दिया है. यह अभियान अंचलाधिकारी कैप्टन सिंकू के नेतृत्व में थाना प्रभारी खरसावां, आमदा ओपी प्रभारी और एसएसबी जी कॉय बटालियन रायजामा के सशस्त्र बलों ने संयुक्त रूप से चलाया है. अवैध खेती सुरु डेम के पास स्थित जंगली क्षेत्र में सुरु नाला के आस-पास की गई थी. जहां अफीम के पौधों में फूल और फल निकले हुए थे.

छापामारी दल ने सोयना मुंडा और रुईया मुंडा को अफीम के फल पर चीरा लगाते हुए गिरफ्तार किया है. इनके खिलाफ खरसावां थाना कांड संख्या 18/25, धारा 8(बी)/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. अफीम (पोस्ता) के फल पर चीरा लगाने के लिए उपयोग किए गए चार औजार भी पुलिस ने जब्त किए हैं. इस अभियान में खरसावां सीओ कैप्टन सिंकू, खरसांवा थाना प्रभारी गौरव कुमार, आमदा ओपी प्रभारी रमन कुमार विश्वकर्मा, एसएसबी जी कॉय बटालियन रायजामा, पुलिस बल एवं सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस ने कहा कि अवैध अफीम की खेती के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों से भी अवैध नशे के व्यापार को रोकने में सहयोग करने की अपील की गई है.




