रांची : दिल्ली स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ मचने से महाकुंभ जा रहे 18 लोगों की मौत हो गयी थी. इस घटना के बाद झारखंड पुलिस भी अलर्ट मोड़ पर है. इसको लेकर डीजीपी अनुराग गुप्ता के निर्देश पर एडीजी अभियान संजय आनन्दराव लाठकर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक किए. इस बैठक में रेल आईजी, डीआईजी सभी जोनल आईजी, रेंज के डीआईजी, रांची, धनबाद, पलामू, बोकारो, गढ़वा, कोडरमा, रामगढ़, जमशेदपुर, चाईबासा जिले के एसएसपी, एसपी के अलावा धनबाद और जमशेदपुर के रेल एसपी भी शामिल हुए.इस दौरान महाकुंभ मेला को लेकर यात्रियों के आवागमन के मद्देनजर राज्य के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा-व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापक रूप से समीक्षा की गई. बैठक के 26 फरवरी तक चलने वाले प्रयागराज महाकुंभ मेले को लेकर यात्रियों के यात्रा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा-व्यवस्था सुदृढ़ करने से संबंधित निम्न तथ्यों पर व्यापक रूप से समीक्षा करते हुए निर्देश दिये गये.

जारी किए गए दिशा निर्देश
– जिला पुलिस कन्ट्रोल रूम एवं स्थानीय रेलवे स्टेशन में उपलब्ध कन्ट्रोल रूम से आपसी समन्वय स्थापित की जाय ताकि रेलवे स्टेशन और जिला पुलिस कन्ट्रोल रूम में सीधा समन्वय बना रहे.
– रेलवे स्टेशन कन्ट्रोल रूम और उसके माध्यम से जिला पुलिस कन्ट्रोल रूम में उक्त स्टेशन पर आने वाली सभी महत्वपूर्ण ट्रेन विशेषकर जो बनारस और प्रयागराज की ओर जा रही हो या वहां से आ रही हो, की जानकारी उपलब्ध रखना सुनिश्चित की जाय.सभी एसपी, डीसी जिला में कम से कम एक डीएसपी स्तर के अधिकारी और दण्डाधिकारी को ऐसे रेलवे स्टेशन, जहां पर भीड़ अधिक होने की उम्मीद हो, पर प्रतिनियुक्त करेंगे, जो वहां के सुरक्षा व्यवस्था के लिए सम्पूर्ण रूप से जिम्मेवार होंगे.
भीड़-भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर ट्रैफिक की सम्पूर्ण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यात्रियों के भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस पदाधिकारी और दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाय.जीआरपी और आरपीएफ के साथ रेलवे स्टेशन में प्रवेश करने वाले सभी द्वारों और भागों में पर्याप्त संख्या में बल उपलब्ध कराया जाय ताकि अनावश्यक लोग या बिना टिकट के लोग स्टेशन पर पीक आवर में प्रवेश न करें.




