जमशेदपुर: ईस्ट प्लांट बस्ती में स्थित सूर्य मंदिर को लेकर विगत कुछ दिनों से चल रहे विवाद के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। बस्तीवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिले के उपायुक्त (डीसी) को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मंदिर से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की गई।
बस्तीवासियों का कहना है कि यह मंदिर वर्षों से धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इसे लेकर विवाद पैदा कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में अशांति का माहौल बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंदिर की नींव वर्ष 1989 में स्थानीय लोगों द्वारा सामूहिक प्रयास से रखी गई थी और तब से लगातार श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं।

डीसी साहब ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच के लिए एक टीम गठित करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल पर विवाद या अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बस्तीवासियों ने डीसी द्वारा दिए गए आश्वासन पर संतोष जताया है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन की ओर से शीघ्र उचित कदम उठाए जाएंगे जिससे क्षेत्र में शांति और सद्भाव बना रहे।




