जमशेदपुर : MGM अस्पताल में उस समय सफाई कर्मचारियों ने हंगामा कर दिया जब डेविड का शव उसके परिजन ले जाने लगे।डेविड की मौत कल मेडिसिन भवन के छज्जा गिरने से उसमें दबने से हो गई थी। हंगामा कर रहे इन सफाई कर्मचारियों का कहना था कि पिछले 10 वर्षों से वे लोग उसकी सेवा करते आ रहे थे, वे चल फिरने में असमर्थ था, जिस वजह से वे लोग ही निस्वार्थ भाव से उसकी सेवा किया करते थे, इस दौरान एक बार भी उसके परिवार के लोग उसे देखने नहीं आए।

ऐसे में कल जब उसकी मौत होने के बाद सरकार की ओर से मुआवजा देने की बात कही तो, रविवार को परिवार वाले सवेरे से ही शव लेने के लिए अस्पताल पहुंच गए। ऐसे में जब 10 वर्षों तक सभी सफाई कर्मचारियों ने उसकी देखभाल की तो अब अंतिम संस्कार भी अस्पताल के सफाई कर्मचारी परिवार बनकर उसका अंतिम संस्कार भी करेंगे। इनका यह भी कहना था कि उन्हें मुआवजे की रकम भी नहीं चाहिए लेकिन शव उसके परिवार वालों को भी नहीं देंगे।




