Saraikela (संजीव मेहता) : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड के तिलाईटाड़ गांव से गुरुवार को एक बोलेरो (जेएच05डीबी-7466) से 9 लोग बारात लेकर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर अदाबना गांव गए थे. बारात में शामिल सभी लोग शुक्रवार सुबह लौटते समय एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए. घटना में सभी 9 लोगों की मौत हो गई है. घटना नामशोल के पास की है.

सुबह 7 बजे एनएच 18 झारखंड-बंगाल बॉर्डर स्थित नामशोल के पास की है. यही से कार गुजर रही थी. कार की टक्कर एक ट्रेलर (ओडी09वी-9281) से आमने-सामने हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर भी पलट गया और बोलेरो पर सवार सभी नौ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान बीरु महतो (बोलेरो मालिक), बांका उर्फ चंद्रमोहन महतो, अजय महतो, विजय महतो, सपन महतो, गुरुपद महतो, शशांक महतो, चितरंजन महतो और मुंडा उर्फ कृष्णा महतो के रूप में हुई है. सभीक सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलाईटाड़ गांव के महतो टोला के निवासी बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया अस्पताल भेजा है. हृदयविदारक घटना से पूरे तिलाईटाड़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. एक ही गांव के नौ युवकों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.




