जमशेदपुर : तीन दिनों तक हुई बारिश से देर रात स्वर्णरेखा नदी उफान पर आ गई। जिससे जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के नदी किनारे के कई बस्तियों के घरों में पानी प्रवेश कर गया।अचानक बस्तियों में पानी भर जाने से बस्ती वाशियों में अफरा तफरी मच गई कई लोग घर छोड़ कर सड़क पर आ गए तो कइयों को घर के छत पर शरण लेना पड़ा।

यही स्तिथि बारीडीह मिथिला कालोनी,भोजपुर कॉलोनी,भुइंयाडीह कान्हु भट्ठा सहित कई अन्य बस्तियों की रही,जिसकी सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना प्रभारी गुलाम रवानी दल बल के साथ इन क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी ली और लोगों को सचेत रहते हुए सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर चले जाने की आग्रह की। इधर सबसे ज्यादा प्रभावित कान्हु भट्ठा के लोग प्रशाशन और स्थानीय विधायक की निष्क्रियता से नाराज थे। इनका आरोप था कि कई बार जानकारी देने के बावजूद कोई सुधि लेने नहीं पहुंचे और ना ही बचाव और राहत कार्य की पहल की गई जिस वजह प्रभावित लोग सड़क पर शरण लिए हुए है और घरों में पानी घुस जाने से भूखे ही रात काटने को मजबूर है। वहीं बच्चों ने कहा की बस्ती और घरों में पानी आ जाने से वे दो दिनों से स्कूल नहीं जा पाए है। उनकी किताबें भी भींग कर खराब हो गई है उन्हें अब पढ़ाई करने में भी दिक्कतें आएगी। इधर मिथिला कालोनी के लोगों ने बताया कि नाला और नदी किनारे अतिक्रमण के वजह से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। प्रशाशन को इस ओर ध्यान देना चाहिए ताकि आने वाले समय में ऐसी स्थिति उत्पन्न ना हो। वहीं भोजपुर कॉलोनी नदी तट पर होने से पूरा इलाका जल मग्न हो गया जिससे दर्जनों लोग अपने घरों में फंसे रह गए।बहरहाल शुक्रवार को बारिश बंद होने के बाद दोपहर में बस्तियों में घुसे पानी घटने लगे जिससे प्रभावित लोग ने राहत महसूस की और भींगे सामानों को समेटने में जुटते देखे गए।




