रांची: झारखंड में सक्रिय कुख्यात गैंगस्टरों के खिलाफ अब सीआईडी ने सख्त रणनीति तैयार कर ली है। विदेशों में बैठकर आपराधिक नेटवर्क चला रहे अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। सीआईडी की विशेष टीम इन गैंगस्टरों की पूरी जानकारी जुटा रही है और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया पर काम कर रही है।

सीआईडी की प्राथमिक सूची में प्रिंस खान, राहुल दुबे और राहुल सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रत्यर्पण की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। इसके लिए विभाग में एक अलग स्पेशल विंग भी गठित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ये अपराधी सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए कारोबारियों से रंगदारी मांगते हैं। विदेशी नंबरों से धमकी देना और पैसे न मिलने पर हमले करवाना इनके आम तौर-तरीके हैं। खुद को पकड़ से दूर रखने के लिए ये व्हाट्सएप कॉल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं।
सूत्रों का कहना है कि सीआईडी को इनके नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिल चुकी हैं। अब एजेंसियां मिलकर इस नेटवर्क को तोड़ने और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए तेजी से काम कर रही हैं।




