जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे दलमा क्षेत्र में सोमवार रात एक गंभीर घटना सामने आई, जहां एक आल्टो कार में सवार चार युवकों ने वन विभाग के कर्मियों के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि सभी युवक शराब के नशे में धुत थे। रात के समय दलमा पहाड़ी क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित होने के कारण वन विभाग के कर्मचारियों ने चेक नाका पर उन्हें रोकने की कोशिश की।


इसी बात को लेकर कार सवार युवकों ने वहां मौजूद कर्मियों के साथ बदसलूकी और मारपीट शुरू कर दी। घटना को बढ़ता देख स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभालने की कोशिश की। जब उन्होंने देखा कि वनकर्मियों के साथ मारपीट हो रही है, तो ग्रामीणों ने कार को घेर लिया और आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। हालात बिगड़ते देख कार सवार युवक अपनी गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। इस घटना में वन विभाग के तीन कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, ग्रामीणों और वनकर्मियों ने मिलकर एक युवक को पकड़ लिया है। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा और एक धारदार हथियार भी बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




