(संजीव मेहता) रांची : झारखंड राज्य के सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र ने एक नया कृतिमान बनाते हुए इतिहास रचा है. आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की RKFL कंपनी के प्लांट-7 ने वंदे भारत ट्रेन के स्लीपर कोच का निर्माण करने में सी एच आर ओ भूपेंद्र लोधी के नेतृत्व में बड़ी सफलता प्राप्त की है. ट्रेन के प्रथम असेंबल्ड LHB बोगी फ्रेम का सफल डिस्पैच कर कंपनी के इंजीनियरों ने इतिहास रचा है. बता दें कि रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड (RKFL) ने आज प्लांट-7 में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए वंदे भारत स्लीपर कोच परियोजना के लिए प्रथम पूर्ण रूप से असेंबल्ड LHB बोगी फ्रेम का सफल डिस्पैच कर दिया है.

इस अवसर पर BHEL, झांसी के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही. जिनमे रिजवान सिद्दीकी – कार्यकारी निदेशक, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL), झांसी, गिरीश राज – एजीएम / एलएमई, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL), झांसी साथ ही उनकी टीम के सदस्य उपस्थित रहे. जबकि RKFL की ओर से इस अवसर पर प्रमुख अधिकारी मिलेश गांधी – कार्यकारी निदेशक, भूपेंद्र लोढ़ी – समूह मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (Group CHRO), रजत बिस्वास – प्लांट प्रमुख, रवि शंकर राजहंस – प्लांट मानव संसाधन प्रमुख मौजूद रहे.
अधिकारियों ने बताया कि डिस्पैच किया गया LHB बोगी फ्रेम पूरी तरह से व्हील्स, सस्पेंशन सिस्टम, डिस्क ब्रेक एवं अन्य महत्वपूर्ण फिटमेंट्स के साथ तैयार किया गया है. यह उपलब्धि रेलवे सेक्टर में RKFL प्लांट-7 की मजबूत निर्माण क्षमता और तकनीकी दक्षता को दर्शाती है. इस दौरान उपस्थित नेतृत्व टीम ने प्लांट-7 की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की. उन्होंने कहा कि यह सफलता भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण में RKFL के योगदान को और मजबूत बनाती है तथा “मेक इन इंडिया” अभियान को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.




