चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र में नक्सलियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है. भाकपा माओवादी संगठन द्वारा मनाए जा रहे प्रतिरोध सप्ताह के तहत नक्सलियों ने शनिवार रात और रविवार की अहले सुबह कोलबोंगा गांव में एक एयरटेल मोबाइल टावर को आग के हवाले कर दिया. इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया है.

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को भी नक्सलियों ने चार विस्फोट किए थे, जिसमें एक हेड कांस्टेबल महेंद्र लस्कर शहीद हो गए थे और दो अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुए थे. दोनों घायलों को एयरलिफ्ट कर दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, नक्सली संगठन इस सप्ताह प्रतिरोध सप्ताह मना रहा है और इसी क्रम में सरकार तथा सुरक्षा बलों के खिलाफ हमलावर रुख अपनाए हुए है. इसी दौरान उन्होंने मोबाइल नेटवर्क को बाधित करने के उद्देश्य से एयरटेल टावर में आगजनी की घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. फिलहाल इलाके में संचार सेवाएं बाधित हैं और ग्रामीणों में भय एवं असुरक्षा का माहौल व्याप्त है.




