बिहार / झारखंड : बिहार सरकार ने शनिवार को पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर फेरबदल करते हुए 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए। गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा, जिन्हें हाल ही में डीआईजी के पद पर पदोन्नत किया गया था, अब आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) के डीआईजी का कार्यभार संभालेंगे। उनकी जगह सीआईडी में तैनात एसपी अवकाश कुमार को पटना का नया एसएसपी बनाया गया है। एडीजी स्तर पर, मुख्यालय के एडीजी कुंदन कृष्णन को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि एसटीएफ (ऑपरेशन) के एडीजी अमृत राज को एडीजी (सुरक्षा) नियुक्त किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राकेश राठी, जो पूर्णिया रेंज में तैनात थे, अब साइबर अपराध और आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) के आईजी होंगे। मिथिला रेंज के आईजी राकेश कुमार को बिहार मानवाधिकार आयोग में स्थानांतरित किया गया है। आईजी (अपराध जांच इकाई) पी. कन्नन को रेलवे का आईजी बनाया गया है। जिलास्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं।

कैमूर के एसपी ललित मोहन शर्मा को वैशाली का एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि अररिया के एसपी अमित रंजन को सीतामढ़ी स्थानांतरित किया गया है। इस बड़े फेरबदल का उद्देश्य विभागीय कुशलता और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना बताया गया है। वहीं अब चर्चाओं के अनुसार में कहा जा रहा है कि अब झारखंड की भी आईपीएस आईएएस की बड़े पैमाने पर तबादले के खाके तैयार किए जा रहे हैं।




