जमशेदपुर पटमदा: लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी एवं हीट वेव को देखते हुए पटमदा प्रखंड सह अंचल कार्यालय द्वारा आम नागरिकों की सुविधा हेतु कार्यालय परिसर में प्याऊ की व्यवस्था की गई है। इस पहल का उद्देश्य प्रखंड एवं अंचल कार्यालय आने वाले ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा राहगीरों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में मिट्टी के घड़ों के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों को गर्मी में राहत मिल सके। प्रशासन की इस जनहितकारी पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

पटमदा के बीडीओ सह सीओ डॉ० राजेंद्र कुमार दास ने कहा कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी एवं हीट वेव को देखते हुए आम जनता की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रखंड क्षेत्र में जहां-जहां चापाकल एवं जलमीनार खराब हैं, उनकी सूची तैयार कर शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन लगातार क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा जरूरत पड़ने पर अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि गर्मी के दौरान पर्याप्त पानी पिएं और आवश्यक सावधानी बरतें।




