जमशेदपुर : कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार ने जमशेदपुर पूर्वी से अपने चुनावी अभियान के दौरान एक पत्रकार सम्मेलन में भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके नेताओं द्वारा संविधान का अपमान करना उनकी आदत बन गई है। उन्होंने रघुवर दास, जो वर्तमान में ओडिशा के राज्यपाल हैं, पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। आचार संहिता के दौरान रघुवर दास का जमशेदपुर में लगातार रहना और बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करना संविधान और चुनावी नियमों का उल्लंघन है।डॉ. अजय कुमार ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में राष्ट्रपति और मुख्य चुनाव आयुक्त से शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उनका मानना है कि संवैधानिक संस्थाएं इस मुद्दे पर मूकदर्शक बनी हुई हैं, जिससे लोकतंत्र खतरे में है।

उन्होंने बीजेपी पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि जो पार्टी कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाती है, वही झारखंड में परिवारवाद का सबसे बड़ा उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। डॉ. अजय कुमार ने कहा कि बीजेपी झारखंड में एक ही परिवार को सत्ता में बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और जनता अब इसे समझ चुकी है। उन्होंने बीजेपी पर जमशेदपुर में परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह के कदम लोकतंत्र और संविधान के प्रति भाजपा की निष्ठा पर सवाल खड़े करते हैं।




