कोडरमा : कोडरमा पुलिस ने बरही (हजारीबाग) के लरियाडीह पंचायत के वृंदा गांव निवासी और होटल व्यवसायी सुखदेव रजक के घर पर छापेमारी की, जिसमें एक करोड़ सात लाख 10 हजार 320 रुपये नकद और 58 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके साथ ही एक स्कॉर्पियो और एसयूवी भी जब्त की गई। छापेमारी के दौरान होटल व्यवसायी फरार था, लेकिन उसके भाई रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया। कोडरमा थाने में इस मामले में प्राथमिकी (228/24) दर्ज की गई है। छापेमारी की सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची थी। हालांकि, जब पुलिस ने बताया कि जब्त की गई राशि चुनाव में उपयोग के लिए नहीं थी, बल्कि अफीम की तस्करी से अर्जित की गई थी, तब आयकर विभाग की टीम बिना कोई कार्रवाई किए वापस लौट गई। पुलिस ने बताया कि बरामद की गई अफीम की बाजार कीमत 28 हजार रुपये है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि वृंदा गांव स्थित एक मकान में अफीम और इससे जुड़े व्यापार का पैसा रखा गया है। इसके आधार पर देर रात 1:30 बजे एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की गई। पुलिस को बड़ी मात्रा में नकदी बरामद करने के लिए नोट गिनने वाली मशीन का सहारा लेना पड़ा। फिलहाल, गिरफ्तार रोहित कुमार से पूछताछ जारी है।




