
केंद्र सरकार के इशारे पर कांग्रेस के अकाउंट फ्रिज करने के मामले में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रविवार को बिष्टुपुर के तिलक पुस्तकालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अकाउंट को फ्रीज कर केंद्र सरकार चाहती है कि निष्पक्ष चुनाव ना हो। वह देश की राजनीति पर एकाधिकार चाहती ह।. इसीलिए कांग्रेस का बैंक अकाउंट फ्रीज किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर 14 लाख 40 हजार रुपए के टैक्स का मामला है तो उतनी ही रकम फ्रीज़ करनी चाहिए थी।लेकिन, केंद्र सरकार ने 285 करोड़ रुपए फ्रीज़ कर दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नही चाहती है कि भाजपा के सामने कोई पार्टी खड़ा हो और वह एक तरफा जीत हासिल कर ले इसीलिए, केंद्र सरकार की एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्षी पार्टियों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा स्वच्छ और भ्रष्टाचार विरोधी होने का दावा करती है तो यह बताए कि उसे इलेक्टोरल बांड के तौर पर 8225 करोड़ रुपए किसने दिए. यह रकम कहां से आई. इनकी आमदनी क्या है. इन्होंने आयकर रिटर्न भरा कि नहीं इसकी जांच होनी चाहिए।




