सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना प्रभारी ने चांडिल थाना परिसर में थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधकों एवं ज्वेलरी शॉप संचालकों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की । बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी द्वारा की गई, जिसमें क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों एवं सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान बैंक एवं आभूषण दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू एवं कार्यशील रखने, अलार्म सिस्टम दुरुस्त रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया गया। साथ ही कैश ट्रांजेक्शन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने एवं सुरक्षा गार्ड की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही गई। थाना प्रभारी ने सभी संचालकों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की, ताकि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।




