बिहार / सुपौल : त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मलहनमा-करमिनिया मुख्य सड़क पर बुधवार की दोपहर एक गंभीर घटना घटी, जिसमें एलएनटी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को दो बदमाशों ने गोली मारकर 49,500 रुपये लूट लिए। यह घटना करमिनिया वार्ड-3 के पास हुई, जहां फाइनेंस कर्मी अपनी बाइक से मलहनमा से कलेक्शन कर त्रिवेणीगंज लौट रहे थे। सूत्रों के अनुसार, फाइनेंस कर्मी जब करमिनिया वार्ड-3 के पास पहुंचे, तो पहले से घात लगाए हुए बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। दोनों बदमाशों ने हथियार निकालकर फाइनेंस कर्मी पर निशाना साधा और नकदी लूटने का प्रयास किया। जब फाइनेंस कर्मी ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद, स्थानीय वार्ड पार्षद और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार, कर्मचारी की स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच के आधार पर, यह स्पष्ट हुआ है कि बदमाशों लूटने के लिए पहले से ही योजना बनाई थी। इस घटना के बारे में जानकारी मिलते ही अपराधियों की खोजबीन के लिए एक विशेष टीम गठित किया गया है टीम के वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



