Saraikela (संजीव मेहता) : आदित्यपुर टोल ब्रिज पर वीआईपी लेन से जबरन गुजरने की कोशिश के दौरान सिक्योरिटी गार्ड पर जानलेवा हमला करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. हमलावर स्वीफ्ट कार में सवार थे और हॉकी स्टिक व ब्रेस बैट से लैस थे. घटना 25 जुलाई 2025 की दोपहर लगभग 3:45 बजे की है. आदित्यपुर टोल ब्रिज पर एक स्वीफ्ट कार (नं. JH05Z-5828) से सवार छह युवक वीआईपी लेन से जबरन पार करने की कोशिश कर रहे थे. जब सुरक्षा गार्ड द्वारा पास दिखाने को कहा गया, तो उन्होंने हॉकी स्टिक और ब्रेस बैट से हमला कर गार्ड को गंभीर रूप से घायल कर दिया था. इस घटना को लेकर आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 239/25, धारा 126(2), 115(2), 117(2), 109, 351(2) 3 (5) बी.एन.एस. के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला एसपी मुकेश लुनायत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार युवकों के नाम हैं-
1. सत्यम कुमार (उम्र 19 वर्ष)
2. सुजल कुमार सिंह (उम्र 19 वर्ष)
3. साहिल यादव (उम्र 23 वर्ष)
4. सचिन प्रसाद (उम्र 23 वर्ष)
5. साहिल यादव (उम्र 22 वर्ष)
सभी आरोपी जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस ने घटनास्थल पर प्रयुक्त स्वीफ्ट कार (JH05Z-5828) को भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है..




