सरायकेला : बुधवार सुबह सरायकेला जिले के आदित्यपुर में एक गंभीर ट्रेन दुर्घटना टल गई। लगभग 9:45 बजे शर्मा बस्ती की ओर से तेज गति से आती एक मालगाड़ी अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और आदित्यपुर रेलवे यार्ड की बाउंड्री पार करते हुए खड़ी हुई दूसरी मालगाड़ी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए और यार्ड की दीवार पूरी तरह टूट गई।
घटना के समय यार्ड में मौजूद मजदूरों में हड़कंप मच गया, लेकिन सभी ने तुरंत सुरक्षित स्थान पर शरण लेकर खुद को बचा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस रेक ने टक्कर मारी, उसमें इंजन नहीं था और वह स्वतः पटरियों पर लुढ़कती चली आई। प्रारंभिक जांच में ब्रेक सिस्टम की खराबी या किसी तकनीकी समस्या की संभावना जताई जा रही है।

घटना की खबर मिलते ही रेलवे अधिकारी, इंजीनियरिंग दल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कर दिया। क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने तथा ट्रैक को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से चल रहा है। रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की तहकीकात के लिए एक विशेष जांच समिति गठित की है। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।




