Saraikela (संजीव मेहता) : सरायकेला समाहरणालय के मुख्य द्वार पर आज महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े किसानों द्वारा उत्पादित आम के प्रत्यक्ष विपणन हेतु स्थापित बिक्री स्टॉल का उद्घाटन उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा किया गया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (जेएसएलपीएस) पंकज कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिले में फलदार पौधों के रोपण एवं बागवानी को प्रोत्साहित करते हुए ग्रामीण परिवारों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित किए जा रहे हैं. योजना का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, कृषि आधारित आजीविका को सुदृढ़ करना तथा उत्पादित फलों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है. इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल आठ आम बिक्री स्टॉल संचालित किए जा रहे हैं, जहां स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित आम की विभिन्न गुणवत्तापूर्ण किस्में निर्धारित दर पर आमजन के लिए उपलब्ध कराई जा रही हैं. उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का प्रयास किसानों को उत्पादन से लेकर विपणन तक समुचित सहयोग प्रदान करना है, ताकि उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके. ऐसे बिक्री केंद्र किसानों एवं उपभोक्ताओं के बीच प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित करने का माध्यम बन रहे हैं, जिससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी तथा किसानों को उनकी उपज का बेहतर प्रतिफल प्राप्त होगा.

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम बिक्री स्टॉलों का संचालन मांग एवं खपत के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को अधिकाधिक विपणन अवसर प्राप्त हो सकें तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद सुगमता से उपलब्ध हो. उन्होंने कहा कि प्रखंड एवं जिला स्तर से स्टॉलों के संचालन, बिक्री, मूल्य निर्धारण, उत्पाद की गुणवत्ता तथा किसानों की सहभागिता की नियमित निगरानी की जाए. साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादित आम की विभिन्न किस्मों के प्रभावी विपणन के लिए आवश्यक प्रचार-प्रसार एवं समन्वयात्मक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को उनकी उपज का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके. उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, किसानों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है. आमजन को एक ही स्थान पर स्थानीय स्तर पर उत्पादित ताजे एवं गुणवत्तापूर्ण आम निर्धारित दर पर उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को भी सुविधा प्राप्त हो रही है. किसानों को उत्पाद की गुणवत्ता, स्वच्छता, उचित मूल्य निर्धारण तथा उपभोक्ता संतुष्टि सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक सुझाव एवं निर्देश दिए गए. जिला प्रशासन के समन्वय एवं सहयोग से सरायकेला आजीविका महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) को अपना मार्ट (Apna Mart) के माध्यम से 1,000 किलोग्राम अमरपाली आम की आपूर्ति हेतु ₹60 प्रति किलोग्राम की दर से प्रथम क्रय आदेश प्राप्त हुआ है.यह उपलब्धि स्थानीय किसानों एवं उत्पादक समूहों को संगठित बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे किसानों को उनकी उपज के लिए सुनिश्चित बाजार उपलब्ध होने के साथ-साथ बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.





