सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के दुग्ध पंचायत भवन में रविवार को कोल्हान महिला मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता, अध्यक्ष श्रीमती मंजू कुमारी द्वारा किया गया। बैठक में महिला सशक्तिकरण, संगठन की कार्यप्रणाली तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत कोल्हान महिला मंडल के परिचय के साथ हुई, जिसमें उपस्थित महिलाओं को संगठन की संरचना, कार्यक्षेत्र और उसके उद्देश्यों की जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने बताया कि महिला मंडल का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे समाज में अपनी सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभा सकें। बैठक के दौरान संगठन के दीर्घकालिक लक्ष्यों और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि महिला मंडल केवल महिलाओं के अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

महिला सशक्तिकरण विषय पर विशेष चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में महिलाओं का शिक्षित, जागरूक और आर्थिक रूप से मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वरोजगार योजनाओं और सामाजिक जागरूकता अभियानों को बढ़ावा देने पर बल दिया गया। महिलाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया गया।
अध्यक्ष मंजू कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठित प्रयासों के माध्यम से महिलाएं समाज में नई पहचान बना सकती हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ने की अपील की। बैठक का समापन महिला एकता, आत्मनिर्भरता और समाज के समग्र विकास के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित महिलाओं ने संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का भी निर्णय लिया।





