रांची : भारत की प्रमुख विमानन कंपनी इंडिगो में शीर्ष नेतृत्व स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। एयरलाइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर एल्बर्स ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। कंपनी ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया और उन्हें तत्काल प्रभाव से सभी दायित्वों से मुक्त कर दिया गया।अब एयरलाइन के संचालन की जिम्मेदारी अस्थायी रूप से कंपनी के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया को सौंपी गई है।
वे फिलहाल अंतरिम रूप से कंपनी के कामकाज की देखरेख करेंगे। एल्बर्स ने सितंबर 2022 में इस पद की जिम्मेदारी संभाली थी और उनके नेतृत्व में एयरलाइन ने अपने नेटवर्क और संचालन को आगे बढ़ाया। कंपनी के बोर्ड के अध्यक्ष विक्रम सिंह मेहता ने बताया कि राहुल भाटिया दोबारा सक्रिय भूमिका निभाते हुए कंपनी के संचालन का मार्गदर्शन करेंगे।

उनके अनुभव और लंबे जुड़ाव को देखते हुए यह जिम्मेदारी उन्हें दी गई है। राहुल भाटिया ने कहा कि पिछले 22 वर्षों में एयरलाइन को मजबूत बनाने और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अनेक लोगों का योगदान रहा है। वहीं एल्बर्स ने अपने पद से हटने का कारण व्यक्तिगत परिस्थितियों को बताया है। फिलहाल कंपनी के नेतृत्व में यह परिवर्तन अस्थायी व्यवस्था के रूप में किया गया है, जब तक नया स्थायी सीईओ नियुक्त नहीं हो जाता।




