रांची:भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव 14 मार्च को उत्तराखंड के खूबसूरत पहाड़ी शहर मसूरी में अपनी करीबी मित्र वंशिका के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों का साथ बचपन से रहा है और अब उनका रिश्ता जीवनसाथी के रूप में एक नई शुरुआत करने जा रहा है।
इस खास अवसर की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। विवाह समारोह से जुड़ी परंपरागत रस्में 13 मार्च से शुरू होंगी, जिनमें परिवार और करीबी लोग शामिल होंगे। पहाड़ों के बीच आयोजित यह आयोजन काफी निजी और पारिवारिक माहौल में संपन्न होने की उम्मीद है। शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ स्थित सेंट्रम होटल में भव्य स्वागत समारोह रखा गया है।

इस कार्यक्रम में क्रिकेट जगत से जुड़े कई नामी खिलाड़ी, मित्र, रिश्तेदार और अन्य खास मेहमान शामिल हो सकते हैं। कुलदीप और वंशिका ने पिछले वर्ष 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी। सगाई के बाद से ही दोनों के विवाह को लेकर परिवारों और प्रशंसकों में उत्साह बना हुआ था। अब मार्च में यह इंतजार खत्म होने जा रहा है। भारतीय टीम के प्रमुख स्पिनरों में गिने जाने वाले कुलदीप के जीवन में यह नया अध्याय उनके प्रशंसकों के लिए भी खुशी का कारण बन गया है।




