रांची : झारखंड के माँ छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा करने आए एक श्रद्धालु के साथ पुलिस द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि राजरप्पा मंदिर के निकासी द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक श्रद्धालु पर लाठी-डंडों और घूंसे से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्रद्धालु भीड़ के कारण निकासी द्वार से ही मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे रोकते हुए जमकर पिटाई कर दी।

इस दौरान श्रद्धालु के परिवार वाले बीच-बचाव करने की कोशिश करते रहे, लेकिन पुलिसकर्मी लगातार मारपीट करते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं राजरप्पा मंदिर न्याय समिति ने भी माना है कि इस मामले में पुलिस से गलती हुई है। अब इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है तथा कार्रवाई की मांग उठ रही है।




