रांची : झारखंड की राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी ने पुलिस प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपातकालीन बैठक की।
बैठक में आईपीएस मनोज कौशिक, आईपीएस राकेश रंजन, सिटी एसपी और एयरपोर्ट थाना प्रभारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी ने राजधानी में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अपराधियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस हत्याकांड ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, रेस्टोरेंट संचालक ने दिसंबर महीने में ही एयरपोर्ट थाने को लिखित शिकायत देकर बताया था कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

इसके बावजूद पुलिस ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई।बताया जा रहा है कि अपराधी बेखौफ होकर रेस्टोरेंट में घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में होटल संचालक के चचेरे भाई मनीष गोप को निशाना बनाया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।




