जमशेदपुर : घाटशीला उपचुनाव को लेकर सोमवार रात पुलिस-प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में देसी और विदेशी मदिरा जब्त की गई। मुसाबनी थाना के पारुलिया गांव में बुद्धराम महाली के घर से करीब 10 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई। वहीं घाटशिला क्षेत्र में गुरुचरण मार्डी के आवास से लगभग 80 लीटर देशी चुलाई शराब पकड़ी गई।

जादूगोड़ा थाना अंतर्गत केन्दाडीह में बबलू पासवान उर्फ बबलू सिंह द्वारा दुलारी सोरेन के घर पर संचालित एक अवैध शराब निर्माण केंद्र का पर्दाफाश हुआ। वहां से 30 पेटी किंग गोल्ड व्हिस्की, 2 पेटी मैकडॉवेल्स नंबर-1, 260 लीटर तैयार शराब, 30 लीटर कैरामेल, लेबल रोल, ढक्कन और करीब 800 लीटर कच्चा स्पिरिट चार ड्रमों में पाया गया। मौके से शराब से लदी एक वाहन भी सीज की गई। हालांकि किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। पुलिस ने कहा कि चुनावी माहौल में इस तरह की गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी गैरकानूनी कार्य की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।




