जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 में मतदाताओं ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि शाम 5 बजे तक कुल 73.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. इसमें कुछ बढ़ोत्तरी हो सकती है. उन्होंने बताया कि सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं. विशेष रूप से महिलाओं और युवा मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लिया.

मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बलों की कड़ी तैनाती की गई थी. इस पूरे चुनावी प्रक्रिया के तहत दो FIR दर्ज किए गए हैं. वहीं तीन करोड़ तीस लाख रूपये जब्त किए गए हैं. उपायुक्त ने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने को लेकर मतदान कार्य में लगे सभी पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी के साथ राजनीतिक दलों का भी आभार जताया. देर शाम मतदान के बाद ईवीएम सीलिंग की प्रक्रिया पूरी कर स्ट्रांग रूम भेज दिया गया. इसके साथ ही प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो चुका है. 14 नवंबर को मतगणना होना है.




