रांची : महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से संन्यास लेने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। 44 वर्ष के यह दिग्गज खिलाड़ी आगामी सत्र में भी चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में मैदान पर उतरेंगे। टीम के सीईओ कासी विश्वनाथन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि धोनी 2026 सीजन में भी खेलते दिखाई देंगे। उनकी कप्तानी में चेन्नई की टीम ने अब तक पांच बार खिताब जीता है — 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में। यह उनके लिए टीम के साथ 17वां संस्करण होगा।

धोनी आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले क्रिकेटर हैं। उन्होंने अब तक 278 मैचों में 5439 रन बनाए हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता और शांत स्वभाव ने चेन्नई को हमेशा मजबूती दी है। उधर, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच विकेटकीपर संजू सैमसन को लेकर संभावित ट्रेड की चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। यदि यह सौदा सफल रहता है, तो चेन्नई किसी प्रमुख खिलाड़ी को बदले में जयपुर फ्रेंचाइज़ी को सौंप सकती है। इसी बीच, आईपीएल 2026 की नीलामी दिसंबर के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित है। उससे पहले सभी टीमों को अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची 15 नवंबर तक बीसीसीआई को सौंपनी होगी। नीलामी स्थल को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है, हालांकि आयोजन के भारत से बाहर यूएई में होने की संभावना सबसे अधिक बताई जा रही है। आईपीएल के अगले संस्करण में धोनी की उपस्थिति निश्चित रूप से प्रशंसकों के लिए खास रोमांच का केंद्र बनेगी।




