रांची : झारखंड में अवैध कारोबार और शराब की दुकानों में प्रिंट रेट से अधिक वसूलने वालों की सूचना दे होगी कार्रवाई ,उत्पाद आयुक्त लोकेश मिश्र। राज्य के उत्पाद आयुक्त एवं झारखंड बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के निदेशक लोकेश मिश्रा ने सभी जिला उत्पाद अधीक्षकों, सहायक आयुक्त उत्पाद और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि किसी भी जिले में यदि अवैध शराब कारोबार या अधिक मूल्य पर शराब बेचने की शिकायत मिलती है तो संबंधित क्षेत्र के पदाधिकारी सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे।
मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार की नीति पारदर्शिता पर आधारित है। आम जनता से वसूली या अवैध ढंग से मुनाफा कमाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी दुकानों में निर्धारित एमआरपी पर ही बिक्री सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए नियमित रूप से औचक जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। प्रत्येक जिले में विशेष टीम गठित की जाएगी जो दुकानों, गोदामों और परिवहन स्थलों की जांच करेगी।उत्पाद आयुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण, बिक्री या तस्करी की गतिविधियां चल रही हैं, वहां के संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे।

अगर ऐसी गतिविधियां पाई जाती हैं तो केवल कारोबारी ही नहीं, बल्कि लापरवाह पदाधिकारी पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उत्पाद विभाग की छवि को साफ-सुथरा बनाना प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। मिश्रा ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आम नागरिकों से मिल रही शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करें। किसी भी स्थिति में जनता को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि विभाग अवैध कारोबारियों के साथ है। अवैध कारोबारियों और भ्रष्ट अधिकारियों दोनों के खिलाफ एक समान कार्रवाई होगी, ताकि राज्य में कानून व्यवस्था और राजस्व दोनों को मजबूती मिले।





